रिसाली निगम में हरेली की धूम, गोड़वाना समाज ने सरकार के प्रति जताई नाराजगी

भिलाई/रिसाली। नगर निगम रिसाली, भिलाई में हरेली तिहार का आयोजन उत्साह और पारंपरिक रंगों के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सीजी आवाज़ की टीम ने गोड़वाना समाज के कार्यकर्ताओं, महिला-पुरुष सदस्यों और समाज के अध्यक्ष से खास बातचीत की।

बातचीत के दौरान गोड़वाना समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों और चिंताओं को सामने रखा। समाज के सदस्यों ने सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन को बड़े उद्योगपतियों को सौंपे जाने की दिशा में फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे आदिवासी समुदाय के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से आदिवासी हितों की रक्षा करने और प्राकृतिक संसाधनों पर समुदाय के अधिकारों को सुरक्षित रखने की मांग की।

वहीं, समाज के सदस्यों ने 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सरकार की ओर से शुभकामना संदेश नहीं दिए जाने को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि आदिवासी समाज के लिए यह महत्वपूर्ण दिवस है और इस दिन सरकार की ओर से सम्मान एवं शुभकामना की अपेक्षा रहती है।

हरेली के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने अपनी संस्कृति, परंपरा और अधिकारों को लेकर भी चर्चा की। गोड़वाना समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि आदिवासी समाज अपने जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के लिए लगातार आवाज उठाता रहेगा।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759