भोपाल। भोपाल मेट्रो सोमवार से नई समय-सारणी के अनुसार संचालित की जा रही है। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, सोमवार से शनिवार तक मेट्रो प्रतिदिन 62 फेरे लगाएगी। वहीं रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में कुल 70 फेरे संचालित किए जाएंगे।
नई समय-सारणी के तहत सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो सुबह 11:30 बजे और एम्स स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे रवाना होगी।
सोमवार से शनिवार तक यह रहेगा समय
सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सेवा सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। सुभाष नगर स्टेशन से अंतिम मेट्रो शाम 7 बजे, जबकि एम्स स्टेशन से अंतिम ट्रेन शाम 7:30 बजे रवाना होगी।
वहीं रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो सेवा का संचालन रात 8:30 बजे तक किया जाएगा। इन दिनों सुभाष नगर से अंतिम मेट्रो रात 8 बजे और एम्स से रात 8:30 बजे रवाना होगी।
यात्रियों के लिए प्रवेश और टिकटिंग व्यवस्था
मेट्रो प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों के प्रवेश द्वार पहली ट्रेन के रवाना होने से 15 मिनट पहले खोलने की व्यवस्था की है। इससे यात्रियों को सुरक्षा जांच और टिकटिंग के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
मैनुअल टिकटिंग के लिए कई स्टेशनों पर निर्धारित गेट से प्रवेश और निकास की सुविधा रहेगी। सुभाष नगर, केंद्रीय विद्यालय, बोर्ड ऑफिस, एमपी नगर, डीआरएम ऑफिस और अलकापुरी स्टेशनों पर गेट नंबर-3, रानी कमलापति स्टेशन पर गेट नंबर-2 और एम्स स्टेशन पर गेट नंबर-1 से प्रवेश एवं निकास किया जा सकेगा।
नई समय-सारणी से यात्रियों को मेट्रो सेवा के समय और फेरे की बेहतर जानकारी मिलेगी, जिससे यात्रा की योजना बनाना आसान होगा।

