धमधा। धमधा ब्लॉक के ग्राम पंचायत करेली में कथित अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। सोमवार को ग्राम पंचायत के सरपंच, ग्राम अध्यक्ष, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी एकजुट होकर धमधा थाना पहुंचे और संजय कुमार सिवारे उर्फ बंटी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि संजय कुमार सिवारे उर्फ बंटी द्वारा कई वर्षों से गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक इस संबंध में कई बार उसे शराब बिक्री बंद करने के लिए समझाइश दी गई। ग्राम सरपंच द्वारा भी कथित रूप से कई बार मना किया गया, लेकिन इसके बावजूद शराब बिक्री का काम जारी रहने का आरोप है।
इसी मामले को लेकर सोमवार को करेली के ग्रामीण सामूहिक रूप से धमधा थाना पहुंचे और पुलिस से मामले की जांच कर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
थाने पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायत की जा रही है। यदि शिकायत के बाद भी पुलिस प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो ग्राम करेली में ग्रामीणों द्वारा आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के सामूहिक रूप से थाना पहुंचने के बाद अब इस मामले में पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

