बेमेतरा के आत्मानंद कन्या शाला में भोजन में मिली डामर की गोली, कई छात्राओं के पेट में दर्द

बेमेतरा। जिले के आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या शाला में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल में छात्राओं को परोसे गए भोजन में कथित तौर पर डामर की गोली मिलने की बात सामने आई। भोजन करने के बाद कई छात्राओं ने पेट में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई।

मामले की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने आनन-फानन में छात्राओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं घटना की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर छात्राओं के लिए तैयार किए जा रहे भोजन में डामर की गोली कैसे पहुंची। क्या भोजन तैयार करने के दौरान लापरवाही बरती गई या खाद्य सामग्री की जांच और निगरानी व्यवस्था में चूक हुई, इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल प्रभावित छात्राओं का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पूरे मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में डामर की गोली किस तरह पहुंची और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।

इस घटना ने स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, खाद्य सामग्री की जांच और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 753