आत्मानंद स्कूल के किचन में गैस सिलेंडर में लगी भीषण आग, बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

बेमेतरा। जिले के सिंघोरी स्थित आत्मानंद स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल के किचन में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखकर स्कूल प्रबंधन ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित स्कूल परिसर से बाहर निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही आरक्षक लक्ष्मी प्रसाद टंडन पुलिस वाहन 112 के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर में लगी आग काफी तेज थी और काफी प्रयासों के बावजूद तत्काल काबू में नहीं आ रही थी।

स्थिति को देखते हुए भारत गैस एजेंसी की फायर सेफ्टी टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद स्कूल प्रबंधन और पुलिस ने राहत की सांस ली।

गनीमत रही कि आग लगते ही स्कूल प्रबंधन ने समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान किसी बच्चे के हताहत होने की सूचना नहीं है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद स्कूल परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और फायर सेफ्टी टीम द्वारा घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759