मंगेतर को दूसरे युवक के साथ देखकर भड़का कारोबारी, कार से कुचलकर हत्या का आरोप

रायपुर: आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स के सामने शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां सड़क पर हुए विवाद के दौरान एक ऑटो पार्ट्स कारोबारी परमप्रीत सिंह (33) की कार से कुचलकर मौत हो गई। मृतक टाटीबंध स्थित उदया सोसायटी का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, परमप्रीत का भिलाई निवासी एक युवती के साथ रिश्ता तय होने वाला था। शनिवार शाम करीब साढ़े 4 बजे उसने युवती को एक अन्य युवक भरत मंगनानी, निवासी दुर्ग-भिलाई, के साथ कार में देखा। इसके बाद परमप्रीत ने कार रुकवाई और युवती से सड़क पर बहस करने लगा।

विवाद बढ़ने पर युवती कार से नीचे उतर गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि भीड़ को देखकर कार चालक भरत मंगनानी ने तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए परमप्रीत को टक्कर मार दी।

दो बार कार चढ़ाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, टक्कर लगने के बाद परमप्रीत बचने के लिए कार की छत पर चढ़ गया, लेकिन आरोपी ने वाहन नहीं रोका। वह कुछ दूरी तक तेज गति से कार चलाता रहा, जिससे परमप्रीत नीचे गिर गया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर दोबारा उसके ऊपर कार चढ़ा दी। गंभीर चोटों के कारण परमप्रीत की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर आमानाका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

आरोपी की तलाश में पुलिस टीम

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और युवती से मिली जानकारी के आधार पर भरत मंगनानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

एडिशनल डीसीपी राहुलदेव शर्मा और एसीपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल की टीम मामले की जांच कर रही है। मृतक के शव को एम्स में रखा गया है और पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे वास्तविक विवाद और पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच जारी है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759