गॉल: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार, 15 अगस्त को गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू हो गया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट इतिहास में बेहद खास है, क्योंकि टीम इंडिया अपना 600वां टेस्ट मैच खेल रही है।
टॉस के बाद शुभमन गिल ने कहा कि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही है और मौसम भी अच्छा है। भारत ने मुकाबले में तीन स्पिनरों और दो तेज गेंदबाजों के साथ संतुलित गेंदबाजी आक्रमण उतारा है। 600वें टेस्ट और स्वतंत्रता दिवस के मौके को लेकर भारतीय टीम में खास उत्साह नजर आया। मैच से पहले गॉल में भारतीय टीम ने तिरंगा भी फहराया।
श्रीलंका ने भी किए बदलाव
श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने कहा कि अगर उनकी टीम टॉस जीतती तो वह भी पहले बल्लेबाजी करना चाहती। उन्होंने गॉल की पिच को सूखा बताया और कहा कि मुकाबला आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन में पथुम निसांका की जगह निशान मदुश्का को शामिल किया गया है, जबकि निरोशन डिकवेला विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। श्रीलंका ने स्पिन को ध्यान में रखते हुए मजबूत स्पिन आक्रमण के साथ टीम उतारी है।
भारत की नजर मजबूत शुरुआत पर
भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की। टीम में शुभमन गिल, देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा संभाल रहे हैं।
यह टेस्ट भारत के लिए सिर्फ सीरीज का पहला मुकाबला नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास का एक बड़ा पड़ाव भी है। टीम इंडिया इससे पहले 1932 में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेली थी और अब 94 साल बाद 600वें टेस्ट के ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंच गई है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन
लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल, कामिंडू मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशर नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो।
भारत की कोशिश होगी कि ऐतिहासिक 600वें टेस्ट की शुरुआत बड़ी पहली पारी के स्कोर के साथ की जाए और श्रीलंका पर शुरुआती दबाव बनाया जाए।

