रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्यभर में वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, राजनांदगांव, गरियाबंद, बिलासपुर, कोरबा, पेंड्रा और जशपुर सहित कई जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 30 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। विशेष रूप से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में घने बादल छाए रहेंगे तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
31 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश जारी रहने की संभावना है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में वर्षा की तीव्रता में कमी आ सकती है, लेकिन उत्तरी और पूर्वी जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी, इसलिए लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

