रायपुर में आधी रात भीषण आग, बार से उठीं लपटों ने 4 दुकानों को किया खाक

रायपुर राजधानी रायपुर के व्यस्त तेलीबांधा चौक स्थित व्यावसायिक परिसर में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग सुंदरानी हार्डवेयर की दुकान से शुरू हुई और देखते ही देखते पास स्थित ऑक्टोपस बार समेत कुल चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दुकानों के बाहर खड़े छह से अधिक दोपहिया वाहन भी जलकर राख हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे बार की ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। जान बचाने के लिए कुछ लोगों ने दो-तीन छतों से कूदकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल की। वहीं, आसपास की आवासीय इमारतों में रह रहे लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं। हार्डवेयर दुकान में बड़ी मात्रा में रखे पेंट, थिनर और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

करीब चार से पांच घंटे तक लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलने के बावजूद आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद उरला, खमतराई, धरसींवा और बजरंग पावर सहित कई निजी संस्थानों के दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया। संयुक्त प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश जारी रही।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के सामान के जलने की आशंका है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 788