मकान मालिक हो जाएं सावधान! बिना पुलिस वेरिफिकेशन किराएदार रखा तो होगी कानूनी कार्रवाई

जगदलपुर छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और संदिग्ध किराएदारों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने निगरानी और सत्यापन अभियान तेज कर दिया है। जगदलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब प्रत्येक मकान मालिक के लिए अपने किराएदार का पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित मकान मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक किराएदारों और बाहरी लोगों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों की समय रहते पहचान की जा सके।

‘समाधान ऐप’ से होगा ऑनलाइन सत्यापन

किराएदार सत्यापन की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस ने ‘समाधान ऐप’ का उपयोग अनिवार्य किया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मकान मालिकों को अपने यहां रहने वाले नए और पुराने सभी किराएदारों की जानकारी तथा आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल किरायानामा (रेंट एग्रीमेंट) बनवाना पर्याप्त नहीं है। किराएदार का पुलिस सत्यापन कराकर उसकी पूरी जानकारी समाधान ऐप पर दर्ज करना भी आवश्यक होगा।

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई मकान मालिक बिना पुलिस सत्यापन के किराएदार रखता है या निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति रह रहा हो या उसकी गतिविधियां संदेहास्पद लगें, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें।

पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता और मकान मालिकों की जिम्मेदारी से ही अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 776