कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में शुक्रवार को बॉयलर विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में एक के बाद एक कई तेज धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद आग ने देखते ही देखते पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से उठती ऊंची-ऊंची लपटें और दूर तक फैलता काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया।
कई मजदूरों के झुलसने की आशंका
घटना के समय फैक्ट्री के भीतर करीब 35 से 40 मजदूर काम कर रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कई मजदूरों के झुलसने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों या किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
राहत-बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने और फैक्ट्री में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने और बॉयलर विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
प्रशासन ने आसपास के लोगों से एहतियात बरतने और घटनास्थल के पास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है। वहीं, फैक्ट्री हादसे को लेकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

