HIGHLIGHTS
- आज रायपुर पहुंचेंगे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी
- अभनपुर में कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में करेंगे सहभागिता
- दौरे को लेकर रायपुर से अभनपुर तक कड़े सुरक्षा इंतजाम
रायपुर : नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज 21 जून को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर राजधानी रायपुर से लेकर अभनपुर तक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। राहुल गांधी रायपुर पहुंचने के बाद सीधे अभनपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे कांग्रेस के एक बड़े सांगठनिक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
क्या है आज का कार्यक्रम ?
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी दोपहर 2:00 बजे विशेष विमान से रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां पार्टी पदाधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे सड़क मार्ग से सीधे अभनपुर में चल रहे कांग्रेस जिलाध्यक्षों के विशेष प्रशिक्षण शिविर में पहुंचेंगे। राहुल गांधी करीब साढ़े तीन घंटे इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
6:45 को वापस लौटेंगे दिल्ली
अभनपुर में बैठक खत्म करने के बाद राहुल गांधी शाम 5:30 बजे वापस रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद वे शाम 6:45 बजे की नियमित फ्लाइट से दिल्ली लौट जाएंगे। राहुल गांधी के इस वीआईपी दौरे को देखते हुए रायपुर से लेकर अभनपुर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

