धमधा में नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर विकासखण्ड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

धमधा, 12 जून। नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियों एवं विद्यालयों में संचालित विभिन्न योजनाओं व कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा हेतु विकासखण्ड धमधा में विकासखण्ड स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री अथर्व शर्मा ने की। बैठक का आयोजन तीन पालियों में किया गया, जिसमें सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सभी शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य, संकुल समन्वयक तथा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के प्रधान पाठक उपस्थित रहे।

बैठक में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, पाठ्यपुस्तक स्कैनिंग, गणवेष वितरण, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र निर्माण, छात्रवृत्ति संबंधी तैयारियां, यू-डाईस (UDISE+) प्रोग्रेशन कार्य, अवकाश पोर्टल, सीजी स्कूल पोर्टल एवं एचआरएमएस पोर्टल में प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई।

साथ ही विद्यालय भवनों, शौचालयों, किचन शेड, अहाता निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों के आधार, अपार (APAAR) आईडी एवं बैंक खातों से संबंधित कार्यों की भी जानकारी ली गई। बैठक में उल्लास साक्षरता अभियान, शाला प्रवेश उत्सव, नामांकन वृद्धि अभियान, मध्यान्ह भोजन एवं न्यौता भोजन कार्यक्रम के संचालन की स्थिति पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में केंद्रीकृत एवं बोर्ड परीक्षा परिणामों का विश्लेषण करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के उपायों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त सरस्वती सायकल योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

अध्यक्षीय उद्बोधन में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री अथर्व शर्मा ने सभी विद्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया कि नवीन शिक्षा सत्र प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने विद्यार्थियों के नामांकन में वृद्धि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं विद्यालय प्रमुखों से समयबद्ध तरीके से लंबित कार्य पूर्ण करने तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 355