05 मवेशियों सहित पिकअप वाहन जप्त कर आरोपी गिरफ्तार
धमधा, दुर्ग, 15 जून। थाना धमधा पुलिस ने अवैध रूप से कृषि पशुओं का परिवहन कर उन्हें कत्लखाने ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन से क्रूरता पूर्वक भरे गए 5 मवेशियों को मुक्त कराया तथा वाहन सहित कुल 10.30 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि महाराष्ट्र पासिंग का एक सफेद महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन बेरला क्षेत्र से गौवंशीय पशुओं को लेकर धमधा होते हुए गोंदिया स्थित कत्लखाने की ओर जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राहटादाह चौक स्थित उन्नति आईटीआई के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
शाम करीब 7 बजे संदिग्ध वाहन क्रमांक एमएच-35-एजे-3531 को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान वाहन के पीछे तिरपाल से ढंककर 3 पड़िया और 2 पड़वा सहित कुल 5 मवेशियों को अमानवीय तरीके से भरा हुआ पाया गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम दुर्गेश घोरमारे (21 वर्ष) निवासी चिचटोला, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मवेशियों को बेरला क्षेत्र से लोड कर गोंदिया स्थित कत्लखाने ले जा रहा था। पुलिस द्वारा परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज और रसीद प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये कीमत का महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन तथा 30 हजार रुपये मूल्य के 5 मवेशी जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत 10.30 लाख रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में थाना धमधा के सहायक उपनिरीक्षक अश्वनी सिंह एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से कृषि पशुओं की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता एवं अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

