रायपुर, 15 जून। छत्तीसगढ़ के लाखों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। राज्य में बिजली दरों में 6.23 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है। बिजली नियामक आयोग द्वारा जारी नई दरों के लागू होने के बाद अब घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर व्यापारिक प्रतिष्ठानों और किसानों तक सभी को अधिक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ेगा।
नई दरों के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट बिजली शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। इसका सीधा असर आम लोगों की मासिक घरेलू बजट पर पड़ेगा, वहीं व्यापारिक गतिविधियों और कृषि क्षेत्र की लागत भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि बिजली दरों में वृद्धि से छोटे दुकानदारों, लघु उद्योगों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा। वहीं किसानों को भी सिंचाई और कृषि कार्यों के लिए बिजली उपयोग पर अधिक खर्च करना पड़ सकता है।
बिजली नियामक आयोग का कहना है कि बिजली उत्पादन, खरीद और वितरण लागत में बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए दरों में संशोधन किया गया है। हालांकि उपभोक्ता संगठनों ने इस फैसले पर चिंता जताते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की है।
नई बिजली दरें लागू होने के बाद प्रदेशभर के लाखों उपभोक्ताओं के मासिक बिजली बिल में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिससे महंगाई के दौर में आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त असर पड़ने की आशंका है।

