“बिजली दो या कुर्सी छोड़ो” के नारों से गूंजा विद्युत विभाग कार्यालय, 16 मई को घेराव की चेतावनी
धमधा में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। भीषण गर्मी के बीच बदहाल बिजली व्यवस्था से परेशान जनता का गुस्सा अब सड़कों पर फूटने लगा है। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लोग घंटों बिजली गुल रहने और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से त्रस्त हैं। हालात ऐसे हैं कि दिनभर में 20 से 30 बार बिजली बंद हो रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है।
उमस भरी गर्मी में रातभर लोग जागने को मजबूर हैं। लो वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर और अन्य बिजली उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे। छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, व्यापारियों का कारोबार ठप पड़ रहा है और किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आम जनता का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही और सरकार की अनदेखी के कारण हालात बद से बदतर हो चुके हैं।
इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग धमधा पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार तथा बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “बिजली दो या कुर्सी छोड़ो”, “जनता परेशान — सरकार बेखबर”, “बिजली विभाग होश में आओ” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और अधिकारी केवल आश्वासन देने में लगे हैं।
कांग्रेसजनों ने विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो 16 मई को विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि अब जनता की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सड़क से लेकर आंदोलन तक की लड़ाई लड़ी जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा,
“जनता गर्मी में तड़प रही है और अधिकारी एसी कमरों में बैठकर केवल कागजी दावे कर रहे हैं। अगर जल्द बिजली व्यवस्था नहीं सुधरी तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।”
इस प्रदर्शन में कांग्रेस जिला प्रभारी महामंत्री दुर्ग राजीव गुप्ता, अशोक कसार (पूर्व उपाध्यक्ष नगर पंचायत धमधा), जिला प्रवक्ता रजत नायक, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राज पटेल, निर्मल जैन, संदीप गुप्ता, प्रहलाद यादव, ओमनारायण ताम्रकार, सुमंत ताम्रकार, देवनाथ सोनकर, हिम्मत ढीमर, दुखवा पटेल, कलीम मोहम्मद कुरैशी, आरिफ कुरैशी,महेंद्र यादव,मनोज यादव, कामदेव साहू, जीवन निर्मलकर, निक्कि राजपूत,अनिल साहू, अरुण साहू, जितेंद्र वर्मा, भारत भूषण सोनवानी, लुमेश्वर पटेल, ठाकुर राम साहू,ज्वाला साहू, शुभम साहू, मिहिर देवांगन, रोमन पटेल, विजय ढीमर, अशोक ढीमर, हेमंत बंजारे, सत्कुमार निषाद, गोपी बारले और नंद कुमार निर्मल,अजय वर्मा,सुयश ताम्रकार, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डबल इंजन की सरकार में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि सत्ता पक्ष के लोग ही बिजली की बदहाल व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपने मजबूर हैं। यह भाजपा सरकार की बड़ी नाकामी है।” आने वाले दिनों में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो काांग्रेस इस बदहाल व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।”
— राजीव गुप्ता, जिला प्रभारी महामंत्री कांग्रेस दुर्ग

