चंद घंटों में मोटर सायकिल चोरी का खुलासा, दो विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटर सायकिल चोरी की घटना का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 लाख रुपये कीमत की चार मोटर सायकिल बरामद कर जप्त की हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सौम्य दुबे (20 वर्ष), निवासी जिला बेमेतरा, वर्तमान में स्मृति नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर अध्ययन करता है। उसने 6 मई 2026 को अपनी पैशन प्रो मोटर सायकिल क्रमांक सीजी 07 एएफ 1241 को मकान के पास खड़ी किया था, जिसे अज्ञात आरोपी रात में चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना सुपेला चौकी स्मृति नगर में अपराध क्रमांक 633/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में दोनों बालकों ने उक्त मोटर सायकिल चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही चरोदा भिलाई, करंजा भिलाई एवं गदा चौक क्षेत्र से अन्य मोटर सायकिल चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल चार मोटर सायकिल बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद वाहनों में पैशन प्रो क्रमांक सीजी 07 एएफ 1241, स्प्लेंडर क्रमांक सीजी 07 बीजेड 8554, पल्सर क्रमांक सीजी 25 एच 0978 तथा पल्सर क्रमांक सीजी 07 एबी 6553 शामिल हैं।

दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड दुर्ग में प्रस्तुत किया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश कुमार साहू, प्रधान आरक्षक आशीष सिंह, आरक्षक सविन्दर सिंह, हर्षित शुक्ला, कमल एवं उमेश साहू की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग police ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 351