पति को आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार

आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी, उसका भाई और मामा शामिल हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।

मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां गया नगर निवासी 30 वर्षीय विशाल गुप्ता द्वारा 11 मार्च 2026 की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला, जिसमें उसने अपनी पत्नी और उसके परिजनों पर लगातार मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि वैवाहिक विवाद और मानसिक दबाव के चलते मृतक ने यह कदम उठाया। इसके बाद पुलिस ने धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 29 मार्च 2026 को तीनों आरोपियों—तनु उर्फ मोहनी गुप्ता, शिवा गुप्ता और कृष्ण कुमार गुप्ता—को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने घटना से संबंधित एक मोबाइल फोन भी जप्त किया है, जिसमें महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं।

पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मानसिक प्रताड़ना या पारिवारिक विवाद की स्थिति में तुरंत कानूनी सहायता लें और पुलिस को सूचना दें। आत्महत्या जैसे गंभीर कदम से बचें।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 311