धमधा पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में एक बार फिर पुलिस ने दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए बड़ी मात्रा में देशी शराब जप्त की है।
मामला थाना धमधा क्षेत्र का है, जहां 1 अप्रैल 2026 की रात धमधा-खैरागढ़ मुख्य मार्ग स्थित बरहापुर नर्सरी पुलिया के सामने पुलिस ने कार्रवाई की। मौके पर आरोपी कृष्णा ठाकुर (उम्र 50 वर्ष), निवासी ग्राम गोरपा, को पकड़कर उसके कब्जे से 23 पौवा देशी मसाला मदिरा और 7 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई।
जप्त शराब की कुल कीमत करीब 2860 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही आरोपी के पास से एक हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जप्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 20,000 रुपये बताई गई है। कुल जुमला जप्ती 22,860 रुपये की है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
धमधा थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

