उपाध्यक्ष बिजेंद्र दानी ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य हमारे लिए सर्वोपरि
धमधा (दुर्ग)। स्वास्थ्य विभाग छत्तीसगढ़ के निर्देशन एवं जिला चिकित्सा अधिकारी दुर्ग के मार्गदर्शन में धमधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 6 अप्रैल से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम की शुरुआत धमधा नगर पंचायत के उपाध्यक्ष बिजेंद्र दानी द्वारा की गई। इस अवसर पर पार्षद लक्ष्मीनारायण यादव भी उपस्थित रहे। साथ ही इस अवसर पर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।
इस दौरान उपाध्यक्ष बिजेंद्र दानी ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य हमारे लिए सर्वोपरि है और इस तरह के टीकाकरण अभियान समाज के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण के लिए अवश्य लाएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाया जा सके।
बीएमओ डॉ. रचना अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्सों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि टीकाकरण प्रक्रिया सुचारु और व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जिससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन अत्यंत प्रभावी साबित होती है। यह टीका बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस के संक्रमण से बचाकर भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है।
अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण का समय प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। टीकाकरण के दौरान अभिभावकों को बालिका का फोटोयुक्त पहचान पत्र एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं को अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
इस अवसर पर डॉ. प्रफुल्ल धिवर, बीपीएम ऋचा मेश्राम सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।


