फर्जी IAS बनकर ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार…

बेमेतरा जिले में फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर ठगी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले कई महीनों से जिले में सक्रिय रहकर लोगों को अपना शिकार बना रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम रोहित कुमार है, जो मूलतः उत्तर प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है। वह पिछले लगभग एक वर्ष से देवकर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी की शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास बताई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद वह स्वयं को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) का अधिकारी बताकर लोगों को झांसा देता था।

आरोपी बीते छह माह से अधिक समय से जिले में सक्रिय था और नौकरी लगवाने, ट्रांसफर कराने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी करता था। जांच में अब तक यह सामने आया है कि आरोपी ने 3 लोगों से कुल 2 लाख 62 हजार 500 रुपये की ठगी की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामकृष्ण साहू (डीआईजी बेमेतरा) के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। देवकर पुलिस की सक्रियता से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है ।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि उसने अन्य किन-किन लोगों को अपना शिकार बनाया है और क्या इस ठगी में कोई अन्य सहयोगी भी शामिल है।
फिलहाल आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 311