अयोध्या: श्रीराम मंदिर में प्रस्तावित ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने आज थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।
एसपी विजयवर्गीय ने सुरक्षा ड्यूटी, यातायात प्रबंधन, डायवर्जन व्यवस्था और तैनात पुलिस बल की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसमें सुरक्षा में कोई ढिलाई न बरतने और यातायात के कुशल संचालन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या में राम मंदिर पहुंचकर ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल अयोध्या पहुंचेंगे और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ध्वजारोहण समारोह में सम्मिलित होंगे। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट पर है। सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

