200 रुपये के स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी को सम्मान, राष्ट्रपति मुर्मु ने किया जारी

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूज्य माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर जारी यह सिक्का सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

भारत सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी इस विशेष स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित की गई है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इसका उद्देश्य माता हासी देवी जी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।

सिंधी समाज के लिए गौरव का अवसर

पूज्य माता हासी देवी जी रायपुर स्थित पूज्य शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश थीं। उनकी 200वीं जयंती पर भारत सरकार द्वारा स्मारक सिक्का जारी किए जाने को सिंधी समाज के लिए महत्वपूर्ण सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। इससे देश-विदेश में रहने वाले सिंधी समुदाय के लोगों में प्रसन्नता और गौरव का भाव है।

स्मारक सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रह करने वाले लोग शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसे बुक कर सकेंगे।

संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन

कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस अवसर पर राज्यपाल की धर्मपत्नी रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य तथा देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में जारी यह स्मारक सिक्का उनके आध्यात्मिक योगदान और विरासत को स्मरण करने के साथ ही सिंधी समाज की सांस्कृतिक पहचान को सम्मान देने का प्रतीक है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1341