भारी बारिश से सब्जियों की फसल बर्बाद, आसमान छूने लगे दाम

भिलाई। पिछले दिनों हुई भारी बारिश का असर अब सब्जियों की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बारिश के कारण जिले में सब्जियों की बाड़ी डूब गई और फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा असर टमाटर की फसल पर बताया जा रहा है। सब्जियों की आवक प्रभावित होने से बाजार में इनके दाम तेजी से बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों के लिए सब्जियां खरीदना मुश्किल हो गया है।

बारिश से फूलगोभी, बंदगोभी, बरबट्टी, परवल, कुंदरू, करेला, मिर्ची, धनिया, लालभाजी, पालक, चौलाई, मेथी, सेमी और प्याजभाजी समेत कई फसलों को नुकसान हुआ है। उत्पादन और आवक कम होने के कारण बाजार में अचानक सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं।

गोभी 80 और करेला 70 रुपए किलो

बाजार में गोभी करीब 80 रुपए प्रति किलो बिक रही है। कुछ दिन पहले इसका भाव लगभग 40 रुपए किलो था। इसी तरह करेला 70 रुपए किलो तक पहुंच गया है, जबकि पहले यह करीब 40 से 50 रुपए किलो बिक रहा था। बरबट्टी के दाम भी बढ़कर करीब 60 रुपए किलो हो गए हैं।

पालक, लालभाजी और चौलाई 60 रुपए किलो

भारी बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान पालक, लालभाजी और चौलाई की सब्जियों को हुआ है। इनके दाम अचानक बढ़ गए हैं। पालक और चौलाई करीब 60 रुपए किलो बिक रही हैं। प्याजभाजी का भाव भी बढ़कर करीब 70 रुपए किलो पहुंच गया है। मिर्ची और धनिया के दाम भी पहले की तुलना में काफी बढ़े हैं।

टमाटर 60 रुपए किलो, प्याज भी महंगा

टमाटर की कीमत भी बढ़कर करीब 60 रुपए प्रति किलो हो गई है। बारिश से पहले टमाटर 25 से 30 रुपए किलो बिक रहा था। अब इसकी कीमत करीब दोगुनी हो गई है। प्याज के दाम भी बढ़कर करीब 60 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं।

जिले में 7923.23 हेक्टेयर में साग-सब्जी की खेती

जिले में करीब 7923.23 हेक्टेयर क्षेत्र में साग-सब्जियों की खेती होती है। इनमें बड़ी संख्या में किसान सब्जी उत्पादन पर निर्भर हैं। लगातार बारिश के कारण सब्जी की बाड़ियों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इससे किसानों की लागत और मेहनत प्रभावित हुई है, वहीं बाजार में आवक कम होने से उपभोक्ताओं को महंगी सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं।

किसानों के मुताबिक खेतों में पानी भरने के कारण कई फसलें खराब हो गई हैं। टमाटर की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। वहीं कई इलाकों में सब्जियों की बाड़ियों में पानी अब भी जमा होने से नुकसान बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325