फेस्टिव सीजन में ई-कॉमर्स कंपनियां बढ़ाएंगी डिलीवरी नेटवर्क, 14 लाख गिग वर्कर्स की भर्ती की तैयारी

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी बढ़ने की संभावना को देखते हुए देश की प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियां अपने डिलीवरी नेटवर्क, वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स क्षमता को मजबूत करने की तैयारी में जुट गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस फेस्टिव सीजन में कंपनियां करीब 14 लाख गिग वर्कर्स की भर्ती कर सकती हैं।

अमेजन, फ्लिपकार्ट और मीशो समेत कई ई-कॉमर्स कंपनियां त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए डिलीवरी हब, वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क का विस्तार कर रही हैं। ऑनलाइन ऑर्डर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए कंपनियां डिलीवरी और सप्लाई चेन से जुड़े कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर जोर दे रही हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, 2026 के फेस्टिव सीजन में ऑनलाइन बिक्री 1.50 लाख करोड़ से 1.55 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। यह पिछले साल के मुकाबले करीब 25 से 29 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है।

त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली मांग के चलते रोजगार के अवसरों में भी इजाफा होने की संभावना है। रिपोर्ट में अमेजन में करीब 1.60 लाख से अधिक रोजगार के अवसर और फ्लिपकार्ट में करीब 2.50 लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की बात कही गई है।

ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा डिलीवरी नेटवर्क और वेयरहाउसिंग क्षमता बढ़ाए जाने से डिलीवरी पार्टनर, वेयरहाउस कर्मचारी, पैकेजिंग और लॉजिस्टिक्स से जुड़े क्षेत्रों में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325