दुर्ग ब्रेकिंग: गनियारी हाईस्कूल के क्लासरूम में गिरा छत का प्लास्टर, दो छात्र घायल

दुर्ग। दुर्ग जिले के गनियारी हाईस्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब क्लासरूम की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। हादसे में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले दो छात्र-छात्राएं घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि कक्षा चल रही थी, इसी दौरान अचानक छत का प्लास्टर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से दो बच्चों को चोटें आईं। घायल छात्र-छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग भेजा गया।

घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों में भी डर का माहौल है। सरकारी स्कूल के क्लासरूम में इस तरह छत का प्लास्टर गिरने की घटना ने स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की जानकारी मिलने के बाद दुर्ग ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने जांच के लिए जांच दल को स्कूल भेजा है। जांच दल घटना के कारणों और स्कूल भवन की स्थिति का जायजा लेकर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।

वहीं, शिक्षा मंत्री के गृह जिले में सरकारी स्कूल की बदहाल व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूल भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने और जर्जर हिस्सों की मरम्मत की मांग की है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1340