धमधा। नगर में 83 वें वर्ष के विशाल दशहरा महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दशहरा महोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में नगर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, रामलीला समिति के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की।
इस वर्ष दशहरा महोत्सव में स्थल परिवर्तन का निर्णय लिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं एवं दर्शकों को अधिक स्थान और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। भव्य रावण दहन, लोक रंगमंच की आकर्षक प्रस्तुतियां और रामलीला मंचन इस बार आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
स्थल परिवर्तन से मिलेगी बड़ी जगह, विराट होगा रावण का पुतला
बैठक में प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि इस बार दशहरा महोत्सव को बेहद धूमधाम और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। स्थल परिवर्तन के कारण दर्शकों को पहले की तुलना में अधिक जगह मिलेगी और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सुविधा होगी। लोक रंगमंच की प्रस्तुतियां दर्शकों का मनोरंजन करेंगी, वहीं रावण का विराट पुतला दशहरा उत्सव को एक अलग भव्य स्वरूप प्रदान करेगा।


83 वर्षों से जारी है ताम्रकार समाज की रामलीला की परंपरा
राजेंद्र ताम्रकार ने बताया कि धमधा के तमेर पारा स्थित ताम्रकार समाज की विख्यात रामलीला मंचन समिति पिछले 83 वर्षों से लगातार रामलीला की प्रस्तुति देती आ रही है। इस परंपरा की शुरुआत स्वर्गीय पंचमसिंह ताम्रकार सहित पूरे समाज ने की थी, जिसे आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
धमधा की रामलीला मंचन समिति अपनी भव्यता और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए पूरे क्षेत्र में विशेष पहचान रखती है।
50 वर्षों से रामधुनी की परंपरा भी रहेगी आकर्षण
दशहरा महोत्सव में सेवा समितियों द्वारा रामधुनी की प्रस्तुति भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। पिछले 50 वर्षों से स्वर्गीय शिवकुमार ढीमर द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आज भी सेवा समितियां बड़े ही मनोरम और श्रद्धापूर्ण ढंग से आगे बढ़ा रही हैं।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता प्रशांत अग्रवाल, विकास अग्रवाल, बृजेन्द्र दानी, पूर्णेन्द तिवारी, राजेंद्र ताम्रकार, पार्षद मालिक मोहम्मद कुरैशी, विजय ढीमर, आनंद ढीमर, लक्ष्मीनारायण यादव, चंद्रिका भट्ट, अशोक यादव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध ताम्रकार, पूर्व उपाध्यक्ष रामकुमार धीवर, भूपेंद्र ढीमर, एल्डरमैन अजय मिश्रा, मन्ना महोबिया, कौशल ताम्रकार, नीलकमल ताम्रकार, नवीन जैन, रोहित यादव, इन्द्रसेन यादव, महेश वर्मा, शैलेन्द्र निर्मलकर, पत्रकार संघ अध्यक्ष निकेत ताम्रकार, प्रदीप ताम्रकार, रामकुमार यादव, सुयश ताम्रकार, रामलीला समिति अध्यक्ष गजेंद्र ताम्रकार, गौरव ताम्रकार, मोहन पटेल, पवन देवांगन, दीपक मरकाम, पुष्पाल ढीमर, देवेंद्र ढीमर एवं बंटी ढीमर सहित नगर के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
धमधा का 83वां दशहरा महोत्सव इस बार धार्मिक आस्था, ऐतिहासिक परंपरा और भव्य सांस्कृतिक आयोजनों का संगम बनने जा रहा है।


