राष्ट्रीय पोषण माह: धमधा में ‘आँगन मिलन सेवा समारोह’ का भव्य आयोजन, गोद भराई व अन्नप्राशन के साथ महिलाओं ने खेलों में दिखाया उत्साह

धमधा। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत नगर पंचायत धमधा में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ‘आँगन मिलन सेवा समारोह’ का गरिमामय एवं भव्य आयोजन संपन्न हुआ। यह पूरा कार्यक्रम धमधा बाल विकास परियोजना अधिकारी कौशलेश देवांगन के निर्देशानुसार एवं प्रभारी सुपरवाइजर कल्पलता चेलक के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर आंगनबाड़ी वार्ड क्रमांक 4, 5 और 6 का संयुक्त समारोह वार्ड क्रमांक 4 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ, जहाँ तीनों वार्डों की महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

​समारोह का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जनसमुदाय की सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुई, जिसमें गर्भवती माताओं की विधि-विधान से गोद भराई की रस्म अदा कर उन्हें पोषणयुक्त आहार व स्वास्थ्य देखभाल की सलाह दी गई। इसके साथ ही छह माह पूर्ण कर चुके नन्हें शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया, जिसमें उन्हें ऊपरी आहार की शुरुआत कराई गई।

​कार्यक्रम के दौरान समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों का विशेष सम्मान किया गया। अधिकारियों व अतिथियों ने कहा कि जमीनी स्तर पर कुपोषण के खिलाफ लड़ाई और विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में इन जमीनी कार्यकर्ताओं का योगदान अत्यंत सराहनीय है।

​समारोह को रोचक और उल्लासपूर्ण बनाने के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें बिंदी लगाओ प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़ और मटका फोड़ जैसे खेलों में महिलाओं ने भरपूर उत्साह दिखाया। विजेताओं की हौसला-अफजाई के साथ उपस्थित सभी लोगों ने इन गतिविधियों का खूब आनंद लिया।

​इस संयुक्त आयोजन में मुख्य रूप से नगर के प्रशांत अग्रवाल, मलिक मोहम्मद कुरैशी, भूषण ढीमर, विजय ढीमर, श्वेता शर्मा, कुमारी बाई टोंन्द्रे सहित तीनों वार्डों की बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में पोषण जागरूकता के साथ-साथ आपसी सौहार्द और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325