धमधा। ऋण माफी सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसानों की क्रमिक भूख हड़ताल 15वें दिन भी जारी रही। आंदोलन के समर्थन में राजनांदगांव क्षेत्र के किसान नेता सुदेश टीकम भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और किसानों की मांगों का समर्थन किया।
आंदोलनरत किसानों ने कहा कि वे पिछले 15 दिनों से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक उनकी मांगों के समाधान की दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
सुदेश टीकम ने पहुंचकर दिया समर्थन
राजनांदगांव क्षेत्र के किसान नेता सुदेश टीकम ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर किसानों से मुलाकात की। उन्होंने आंदोलनरत किसानों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों के समर्थन में अपनी एकजुटता व्यक्त की।
इस दौरान किसानों ने उन्हें अपनी मांगों और अब तक शासन-प्रशासन स्तर पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी।
15वें दिन किसानों ने पारित किया बड़ा प्रस्ताव
आंदोलन के 15वें दिन किसानों ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया। किसानों ने कहा कि इतने दिनों से बड़ा आंदोलन चलने के बावजूद अभी तक किसी भी राजनीतिक दल के नेता ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर किसानों का हाल नहीं पूछा।
किसानों ने कहा कि भाजपा हो या कांग्रेस, किसी भी दल के नेता की ओर से आंदोलनरत किसानों से मिलने नहीं पहुंचना उनके लिए बेहद निराशाजनक और अवमानना जैसा है।
इसी नाराजगी के बीच किसानों ने प्रस्ताव पारित करते हुए कहा कि आगामी समय में किसी भी राजनीतिक दल के नेता को वोट देकर अपना समर्थन नहीं देंगे। किसानों ने कहा कि यह निर्णय आंदोलन के दौरान किसानों की उपेक्षा के विरोध में लिया गया है।
किसान अन्नदाता भी और सरकार का निर्माता भी — बाबा टेक सिंह चंदेल
किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि किसान देश और प्रदेश का अन्नदाता है, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसान सरकार का निर्माता भी है। किसान अपने मताधिकार के माध्यम से सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि जो सरकार या राजनीतिक दल किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों को नजरअंदाज करेगा, उसे किसानों से वोट मांगने का हक नहीं होना चाहिए।
बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि किसान पिछले 15 दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इसके बावजूद यदि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जाता है, तो किसानों के बीच राजनीतिक दलों के प्रति नाराजगी स्वाभाविक है।
किसानों ने कहा—मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
आंदोलनरत किसानों ने कहा कि ऋण माफी सहित उनकी विभिन्न मांगों पर जब तक ठोस और संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाए।
इस मौके पर किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल आत्मा साहू अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक मोती राम वर्मा पूर्व सरपंच पंचराम साहू दुवासू साहू मनसुख साहू बिसंभर साहू भानु साहू सुभाष साहू गोलू साहू हेमराज साहू तेजराम साहू हेमराज साहू डॉ हर्ष साहू सहित इत्यादि किसान मौजूद रहे।


