धमधा। ऋण माफी सहित विभिन्न मांगों को लेकर किसान बंधु संगठन के नेतृत्व में चल रही क्रमिक भूख हड़ताल आज लगातार आठवें दिन भी जारी रही। आंदोलन स्थल पर किसान एकजुट होकर डटे रहे। इस दौरान किसानों ने भजन-गायन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
बीते दिनों तहसीलदार धमधा द्वारा किसानों से वर्ष 2018 में NPA के कगार पर पहुंचे किसानों तथा उस समय ऋण माफी के पात्र रहे, लेकिन लाभ से वंचित किसानों की सूची मांगी गई थी। इसके बाद किसानों ने संबंधित जानकारी जुटाकर अपना जवाब तैयार किया है।
किसानों का कहना है कि वर्ष 2018 में जो भी किसान NPA हुए अथवा NPA के कगार पर थे, उनकी पूरी सूची बैंक के रिकॉर्ड से ही स्पष्ट रूप से प्राप्त हो सकती है। वहीं, आंदोलन से प्रभावित किसानों की सूची किसानों द्वारा तैयार कर ली गई है। किसानों का कहना है कि अब बैंक के रिकॉर्ड और किसानों द्वारा तैयार की गई सूची का मिलान होने पर ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
भजन-गायन के साथ जारी रहा आंदोलन
आठवें दिन आंदोलन स्थल पर किसानों ने भजन-गायन किया और सामूहिक रूप से आंदोलन में डटे रहे। किसानों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को प्रशासन और सरकार तक पहुंचा रहे हैं और जब तक उनकी समस्याओं का उचित निराकरण नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
24 सितंबर को सीएम हाउस घेराव
आंदोलनरत किसानों ने अब आगामी 24 सितंबर को मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) का घेराव करने का ऐलान किया है। किसान नेताओं का कहना है कि वे मुख्यमंत्री के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं रखेंगे और वर्ष 2018 की ऋण माफी से जुड़े प्रकरणों की जांच तथा पात्र किसानों को न्याय दिलाने की मांग करेंगे।
किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने कहा कि किसानों को डराने से नहीं, बल्कि उनके सवालों का जवाब देने से मामला सुलझेगा। उन्होंने वर्ष 2018 की ऋण माफी से जुड़े मामलों में पारदर्शी जांच की मांग करते हुए कहा कि बैंक के रिकॉर्ड से यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि उस समय कितने किसान पात्र थे और कितने किसानों को ऋण माफी का लाभ मिला।
किसानों का कहना है कि उन्होंने अपनी ओर से जानकारी और सूची तैयार कर ली है। अब प्रशासन और बैंक के रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच कर किसानों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
फिलहाल किसान बंधु संगठन का क्रमिक भूख हड़ताल आंदोलन आठवें दिन भी जारी है और किसानों ने 24 सितंबर के सीएम हाउस घेराव को लेकर अपनी तैयारी शुरू कर दी है।
इस मौके पर किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल आत्मा साहू अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक डॉ जोहन वर्मा पूर्व जनपद सदस्य पंचराम साहू दुवासू साहू मनसुख साहू बिसंभर साहू भानु साहू सुभाष साहू गोलू साहू प्रहलाद ढीमर हेमराज साहू तेजराम साहू नेतु साहू कमलेश जंघेल गौकरण दास मानिकपुरी भारतगिरि गोस्वामी डॉ हर्ष साहू ओम पटेल इत्यादि किसान मौजूद रहे।


