जनसुरक्षा और अपराध नियंत्रण में बेहतर काम करने वाले 22 पुलिसकर्मी सम्मानित

दुर्ग। जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले दुर्ग पुलिस के 22 अधिकारी-कर्मचारियों एवं नगर सेना सैनिकों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं कैश इनाम देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित पुलिसकर्मियों ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की तत्काल मदद, आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को सुरक्षित बचाने, यातायात बाधाओं को दूर करने, विशेष ई-चालान अभियान तथा स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी सहित विभिन्न कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 हादसे में घायलों को पहुंचाया अस्पताल

28 अगस्त 2026 को हाईवे-3 पर ऑटो पलटने से घायल हुए 5 लोगों की यातायात पुलिसकर्मियों ने तत्काल मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इसी दिन खारून नदी के पास आत्महत्या का प्रयास कर रही महिला को भी पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके अलावा विशेष ई-चालान एवं चेकिंग अभियान के दौरान 107 प्रकरणों में ई-चालान की कार्रवाई की गई। सड़क पर यातायात बाधित करने वाले अवरोधों को हटाने में भी पुलिस टीम ने प्रभावी भूमिका निभाई।

अग्निकांड में भी निभाई अहम जिम्मेदारी

21 अप्रैल 2026 को अग्निकांड के दौरान आग बुझाने तथा जन-माल की सुरक्षा में योगदान देने वाले पुलिस एवं नगर सेना के जवानों को भी सम्मानित किया गया।

स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी

भोपाल एवं धमतरी से स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने वाली पुलिस टीम के सदस्यों को भी उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र एवं कैश इनाम दिया गया।

धारदार हथियार लेकर घूम रहे आरोपियों पर कार्रवाई

थाना नेवई पुलिस ने 5 अगस्त 2026 को दुर्ग-रिसाली रोड के पास सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की।

वहीं 14 सितंबर 2026 को श्याम चौक स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स के पास धारदार हथियार लेकर घूम रहे आरोपी की सूचना मिलने पर डायल-112 टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर वैधानिक कार्रवाई की।

इन पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान

सम्मानित होने वालों में यातायात पुलिस के अमित मिश्रा, अमित शुक्ला, फिरोज खान, ललित कुमार, कुलभूषण साहू, उमाकांत वर्मा, चंद्रशेखर साहू और विजय शर्मा शामिल हैं।

अग्निकांड में सराहनीय कार्य के लिए राकेश देशमुख और नगर सेना सैनिक राकेश सिंह को सम्मानित किया गया।

स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी में दिनेश सेनी, हिमांशु सिंह और प्रदीप निर्मलकर की भूमिका रही।

थाना नेवई टीम से निरीक्षक अनिल कुमार साहू, उप निरीक्षक जयप्रकाश खाण्डेकर, हेमंत देव, प्यारे लाल साहू, सुमित उईके और खेललाल यादव को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा थाना सुपेला एवं डायल-112 से सूर्यप्रताप, धर्मेन्द्र सूर्यवंशी और डायल-112 चालक ऋषम सिंह को भी सम्मान मिला।

पुलिस का संदेश

दुर्ग पुलिस ने कहा कि जनसुरक्षा, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई को लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना, आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि अथवा सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को दें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 1325