22 सितंबर से बसों की अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी, किराया और ई-बसों के रूट को लेकर नाराज बस संचालक

दुर्ग बस किराया बढ़ाने और दुर्ग-रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों में संचालित की जा रही ई-बसों के रूट को लेकर छत्तीसगढ़ बस महासंघ ने नाराजगी जताई है। बस संचालकों ने अपनी करीब 9 सूत्रीय मांगों को लेकर 22 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।

बस संचालकों का कहना है कि शहर के जिन रूटों पर पहले से ही रोजाना दर्जनों निजी बसें संचालित हो रही हैं, उन्हीं मार्गों पर ई-बसें भी चलाई जा रही हैं। इससे निजी बस संचालकों के सामने यात्रियों और संचालन को लेकर परेशानी बढ़ रही है। महासंघ की मांग है कि ई-बसों का संचालन ऐसे रूटों पर किया जाए, जहां वर्तमान में बसों की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

इसके अलावा बस संचालक किराए में वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर भी शासन-प्रशासन से चर्चा की मांग कर रहे हैं। महासंघ का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन का निर्णय लेना पड़ा है।

छत्तीसगढ़ बस संचालक महासंघ के पदाधिकारी प्रकाश देशलहरा ने मीडिया से चर्चा में बताया कि मांगें पूरी नहीं होने पर 22 सितंबर से बसों का अनिश्चितकालीन संचालन बंद किया जाएगा।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 974