किसानों को डराने से नहीं, जवाब देने से सुलझेगा मामला” — बाबा टेक सिंह चंदेल ने उठाए सवाल
चंदेल का बैंक पर हमला, 2018 के ऋण माफी मे अनियमितता – प्रकरणों की जांच की मांग
धमधा। किसान बंधु संगठन के नेतृत्व में ऋण माफी सहित विभिन्न मांगों को लेकर चल रही क्रमिक भूख हड़ताल शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रही। आंदोलनरत किसानों से चर्चा करने तहसीलदार धमधा एवं थाना प्रभारी धमधा पुनः धरना स्थल पर पहुंचे।
चर्चा के दौरान तहसीलदार ने किसानों से वर्ष 2018 में NPA हुए किसानों की सूची तथा उस समय ऋण माफी के लिए पात्र रहे, लेकिन लाभ से वंचित किसानों की सूची और संबंधित आवेदन मांगे। उन्होंने किसानों से प्राप्त दस्तावेजों को उच्च अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।
वहीं, पिछले दिनों बैंक कर्मचारियों द्वारा देर रात किसानों के घर पहुंचकर नोटिस दिए जाने को लेकर किसानों में नाराजगी है। किसानों के अनुसार ऋण वसूली को लेकर दबाव बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश की स्थिति बनी। इसी दौरान ग्रामीणों द्वारा एक बैंक कर्मचारी को रोक लिए जाने की बात सामने आई। मौके पर पुलिस भी मौजूद थी।
किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल ने पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि “किसानों को डराने से नहीं, जवाब देने से मामला सुलझेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में ऋण माफी से जुड़े मामलों में करीब 18 किसानों को लाभ मिला, जबकि अन्य पात्र किसानों को लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने इस मामले में अनियमितता की आशंका जताते हुए वर्ष 2018 के NPA खातों एवं ऋण माफी के पात्र किसानों की सूची की जांच कराने की मांग की।
चंदेल ने कहा कि दस्तावेजों की जांच से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उस समय कितने किसान ऋण माफी के पात्र थे और कितने किसानों को इसका लाभ मिला। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर किसानों के लंबित प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण कराने की मांग की।
तहसीलदार द्वारा दस्तावेज मांगे जाने के बाद अब किसानों को प्रशासन की आगामी कार्रवाई का इंतजार है। फिलहाल क्रमिक भूख हड़ताल पांचवें दिन भी जारी है।
इस मौके पर किसान नेता बाबा टेक सिंह चंदेल आत्मा साहू अध्यक्ष किसान बंधु संगठन धमधा ब्लॉक डॉ जोहन वर्मा पूर्व जनपद सदस्य पंचराम साहू दुवासू साहू मनसुख साहू बिसंभर साहू भानु साहू सुभाष साहू गोलू साहू हेमराज साहू ,जयप्रकाश विश्वकर्मा, डॉ हर्ष साहू देवचरण साहू कमलेश जंघेल,गौकरण दस मानिकपुरी इत्यादि किसान मौजूद रहे।

