बेमेतरा में कार की छत पर सवार होकर स्टंट करना पड़ा भारी, चार आरोपियों पर कार्रवाई

बेमेतरा | बेमेतरा जिले में खतरनाक तरीके से कार चलाने और चलती कार की छत पर सवार होकर स्टंट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने कार चालक सहित सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में कामेन्द्र घृतलहरे (26), अमन बंजारे (25), मोहित कुमार घृतलहरे (22) और तरूण कुमार घृतलहरे (19) शामिल हैं। सभी आरोपी सिमगा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

बताया गया कि आरोपियों द्वारा कार में खतरनाक तरीके से सवारी करने के साथ वाहन की छत पर बैठकर स्टंट किया जा रहा था। इस तरह की लापरवाही से न केवल वाहन में सवार लोगों की जान को खतरा रहता है, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।

बेमेतरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चलती कार की छत, दरवाजे या वाहन के किसी अन्य बाहरी हिस्से पर बैठकर यात्रा न करें। सड़क पर किसी भी तरह का स्टंट जानलेवा साबित हो सकता है।

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और खतरनाक ड्राइविंग से बचने की अपील की है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 960