जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। शुक्रवार देर रात से कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, वहीं जगदलपुर समेत कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने आज स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं मानसून द्रोणिका भी सक्रिय बनी हुई है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई है। 12 से 14 सितंबर के बीच भारी बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में रहने की संभावना है।
केशकाल घाट में भीषण जाम
इधर, बस्तर के प्रवेश द्वार केशकाल घाट में शुक्रवार सुबह भीषण जाम लग गया। घाट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन प्रभावित हो गया है। बताया जा रहा है कि कई वाहन चालक घंटों से जाम में फंसे हुए हैं।
लगातार बारिश और घाट क्षेत्र में यातायात प्रभावित होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और यातायात व्यवस्था से जुड़े अमले द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

