बेमेतरा। जिले के बेरला थाना पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 नग गौवंश और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा छोटा हाथी वाहन को जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को ग्राम सिलघट निवासी अभय राम निषाद ने सूचना दी कि स्कूल के पास एक सफेद रंग के टाटा छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 07 DD 7864 को रोककर जांच करने पर वाहन के डाले में त्रिपाल से ढककर एक भैंसा और एक भैंस को ठूंसकर ले जाया जा रहा था। दोनों पशुओं के गले रस्सी से बांधे गए थे और उन्हें कथित तौर पर बिना पर्याप्त दाना-पानी के परिवहन किया जा रहा था।
वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम हेमंत कुमार वर्मा (27) निवासी पेड्रावन, थाना धमधा, जिला दुर्ग बताया, जबकि हेल्पर सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान जय कुमार ढीमर (51) निवासी भिलौरी, थाना धमधा, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने पशुओं को धीवनपुरी, सिमगा से भिलौरी, धमधा ले जाने की बात बताई।
मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भापुसे) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बेरला उप निरीक्षक राजकुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार उन्होंने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 गौवंश, अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त टाटा छोटा हाथी वाहन, कीमत करीब 3 लाख रुपये जब्त किया।
पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(घ) के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को 1 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बेरला उप निरीक्षक राजकुमार साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गीतांजली, प्रधान आरक्षक नोहर यादव, आरक्षक सुरेन्द्र जांगड़े, धनसाय मिरे सहित थाना बेरला के पुलिस स्टाफ और गौवंश सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

