बेमेतरा में सड़क हादसों की रोकथाम के लिए पुलिस की अनोखी पहल, गौवंशों के गले में बांधी रेडियम पट्टी

बेमेतरा जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए बेमेतरा पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आम नागरिकों के साथ-साथ सड़क पर विचरण करने वाले गौवंशों की सुरक्षा के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है।

इसी अभियान के तहत 2 सितंबर को यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने सड़क पर बैठे और विचरण करने वाले गौवंशों के गले में रेडियम पट्टी बांधी।

रात में दूर से दिखाई देंगे गौवंश

पुलिस के अनुसार, रेडियम पट्टी पर वाहन की हेडलाइट पड़ते ही वह चमकने लगती है। इससे रात के समय सड़क पर मौजूद गौवंश वाहन चालकों को दूर से दिखाई दे सकेंगे। इससे चालक समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकेंगे और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।

पुलिस की यह पहल गौवंशों और आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सड़क पर गौवंश दिखें तो सहयोग की अपील

बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि हाईवे या सड़क पर गौवंशों को बैठे अथवा विचरण करते देखने पर सुरक्षित तरीके से उन्हें सड़क के किनारे पहुंचाने में सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि गौवंश और आमजन की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

बेमेतरा पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाएं और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की गई है।

पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान सहयोग करने की भी अपील की है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 897