धमधा (दुर्ग), 29 अगस्त 2026। ॐ साईं संस्कृत उत्तरमध्यमा विद्यालय, प्रखंड धमधा में ‘संस्कृत सप्ताह समारोह’ एवं ‘भोजली दर्शनम्’ के पंचम दिवस का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पूर्व प्रांत संघ के संचालक एवं वरिष्ठ स्वयंसेवक बिसरा राम यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के प्रथम धन्वंतरि मंदिर के अध्यक्ष कल्याण सिंह चौहान ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बिसरा राम यादव ने कहा कि विद्यार्थियों को संक्षिप्त, सरल एवं आनंदमयी तरीके से शिक्षा प्रदान की जानी चाहिए, ताकि बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि, जिज्ञासा और उत्साह बना रहे। उन्होंने संस्कृत भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को देववाणी संस्कृत के अध्ययन एवं संवर्धन के लिए प्रेरित किया।
सेवानिवृत्त शिक्षकों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक पवन देवांगन एवं गणेश यादव का सम्मान किया गया। विद्यालय के सचिव द्वारा दोनों शिक्षकों को शॉल एवं भगवान धन्वंतरि का प्रतीक चिन्ह भेंट कर भावभीना अभिनंदन किया गया।

गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा
कार्यक्रम में टेक राम साहू (सचिव, दूबेलिया तेली समाज), दौलत राम साहू, अलख राम साहू, के.पी. निषाद एवं विकास वैष्णव सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त आचार्यवृंद, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह का वातावरण संस्कृत भाषा, शिक्षा और भारतीय संस्कृति के प्रति उत्साह से भरा रहा।

