रायपुर। राजधानी रायपुर के 2021 के मास्टर प्लान में प्रस्तावित एमआर-43 सड़क का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है। लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक करीब 3 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाई जाएगी। सड़क निर्माण के लिए लैंड यूज परिवर्तन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। नई सड़क बनने से शहर के आठ से अधिक वार्डों में रहने वाले करीब 3 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।
नई सड़क के बनने के बाद लाभांडी, कचना, सड्डू और बलौदाबाजार रोड की ओर आने-जाने वाले लोगों का करीब 20 मिनट तक का समय बचेगा। साथ ही उन्हें मौजूदा मार्गों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम और सिग्नल की परेशानी से भी राहत मिलेगी। सड़क बनने के बाद सड्डू, कचना और विधानसभा रोड पर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की संभावना है।
15 दिन में दर्ज करानी होगी आपत्ति
आवास एवं पर्यावरण विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र भारद्वाज की ओर से शुक्रवार को जमीन के खसरा नंबरों के साथ अधिसूचना अखबारों में प्रकाशित की गई है। इस परियोजना के दायरे में शहर के दो बड़े बिल्डरों की जमीन भी शामिल है। अधिसूचना में दावा-आपत्ति के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
लोग अपनी आपत्ति कलेक्टोरेट, संभागीय कमिश्नर कार्यालय, टाउन प्लानिंग विभाग और नगर निगम कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं।
करीब 10 हेक्टेयर सरकारी जमीन भी शामिल
नई सड़क के लिए करीब 99.100 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। वर्तमान में यह जमीन आवासीय उपयोग में है, जिसे लैंड यूज परिवर्तन के बाद मिश्रित उपयोग के लिए किया जाएगा। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा किया जाएगा।
एमआर-43 को लाभांडी, कचना और सड्डू होते हुए बलौदाबाजार जाने वाली सड़क से जोड़ा जाएगा। सड़क के निर्माण के लिए सर्वे का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है। इसमें ग्रीन लैंड के 293 खसरे शामिल हैं। इसके अलावा करीब 10 हेक्टेयर सरकारी जमीन भी परियोजना के दायरे में है।
इन इलाकों को मिलेगा बड़ा फायदा
नई सड़क से वीआईपी स्टेट खम्हारडीह, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, पिरदा, बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर समेत आसपास के कई इलाकों के लोगों को फायदा मिलेगा। करीब तीन लाख लोग सीधे रिंग रोड से जुड़ सकेंगे।
कचना क्षेत्र में फिलहाल 20 से अधिक नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। ऐसे में आने वाले समय में इस सड़क की उपयोगिता और बढ़ने की संभावना है।
आरडीए करेगा निर्माण की शुरुआत
एमआर-43 का बड़ा हिस्सा ग्रीन लैंड में आने के कारण सड़क के लैंड यूज में बदलाव किया जा रहा है। इसी वजह से सड़क निर्माण की शुरुआत आरडीए करेगा, जबकि करीब 2 किलोमीटर हिस्से का निर्माण पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जाएगा।
प्रस्तावित सड़क कोर्टयार्ड मैरियट होटल के पास से दाहिनी ओर जुड़ते हुए रेलवे क्रॉसिंग पार कर सीधे कचना ओवरब्रिज से जुड़ेगी। इससे कई प्रमुख मार्गों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
नवा रायपुर के पास नया टाउनशिप भी तैयार होगा
रायपुर विकास प्राधिकरण नवा रायपुर के पास पिरदा और तुलसी गांव में करीब 143 हेक्टेयर यानी 353.4 एकड़ जमीन पर नया टाउनशिप विकसित कर रहा है। कौशल्या विहार के करीब 16 साल बाद आरडीए की यह बड़ी टाउनशिप योजना है। इसकी अधिसूचना 11 अगस्त को जारी की गई थी।
योजना के तहत जमीन मालिकों को उनकी जमीन के बदले 40 प्रतिशत विकसित जमीन वापस दी जाएगी। पिरदा और तुलसी में विकसित होने वाले इस नए टाउनशिप को लाभांडी, सड्डू, कचना और बलौदाबाजार रोड से जोड़ने के लिए ही एमआर-43 सड़क को महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
नई सड़क बनने के बाद टाउनशिप में रहने वाले लोगों को शहर के प्रमुख मार्गों तक आसानी से पहुंच मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में जमीन की खरीदी-बिक्री और विकास गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

