बिलासपुर । शहर में हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बलवा समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। एफआईआर में धारा 307 और 191 को भी शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों की ओर से नामजद लोगों समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरों और शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की है।
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस जल्द ही मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर सकती है। जांच के दौरान सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों को भी कार्रवाई का आधार बनाया जा रहा है।


शहर में स्थिति नियंत्रण में
घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस बल को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है और लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल पुलिस प्रशासन का दावा है कि शहर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हालात सामान्य हैं।
वहीं, एसएसपी और कलेक्टर पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों द्वारा पुलिस और प्रशासनिक अमले से स्थिति की जानकारी ली जा रही है। लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।

