देवकर। शुक्रवार की मध्यरात्रि करीब 10 बजे गौ सेवकों को सड़क किनारे एक गौ माता के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। गौ सेवकों ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना से बचाने के उद्देश्य से गौ माता के शव को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर रख दिया।
गौ सेवकों के अनुसार, शनिवार सुबह जब वे मौके पर पहुंचे तो कथित रूप से कुछ लोग गौ माता के शरीर से चारों पैर अलग कर चोरी-छिपे ले जाते हुए पकड़े गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है। वीडियो को सबूत के रूप में प्रस्तुत करते हुए गौ सेवकों द्वारा देवकर चौकी में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए लिखित आवेदन दिया गया है।
गौ सेवकों ने आरोप लगाया कि मामले की प्रारंभिक जानकारी जुटाने के दौरान गब्दी नाला क्षेत्र में हड्डियों के भंडारण और गौवंश के अवशेषों को नाले में बहाए जाने की जानकारी सामने आई है। उनका कहना है कि यह स्थान मंदिर के समीप है, जहां लोग स्नान एवं पूजा-पाठ के लिए जल का उपयोग करते हैं। यदि जांच में यह तथ्य सही पाया जाता है तो धार्मिक स्थल के आसपास जल प्रदूषण का गंभीर मामला बन सकता है।
गौ सेवकों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त क्षेत्र में पूर्व में घास भूमि से संबंधित व्यवस्थापन किए जाने तथा गौवंश के मांस की कथित खरीद-फरोख्त के लिए लोगों के आने-जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं में मृत गौवंश को कथित रूप से उठाकर बेचने एवं परिवहन किए जाने की भी शिकायत गौ सेवकों ने की है।
इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा संबंधित स्थान से अवैध कब्जे अथवा अवैध गतिविधियों को हटाने की मांग बजरंग दल एवं गौ सेवकों ने प्रशासन से की है।
गौ सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई और कथित अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगी तो बजरंग दल द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं देवकर चौकी प्रभारी अलीचंद ने गौ सेवकों को मामले की जांच करने, वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं पता तलाश करने तथा दोषी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।*
गौ सेवकों का कहना है कि गौवंश से जुड़े इस मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

