दुर्ग नगर निगम में बड़ा हादसा टला, महापौर की कार में लगी भीषण आग

दुर्ग दुर्ग नगर निगम परिसर में आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा कार में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि महापौर आग लगने से कुछ सेकंड पहले ही कार से उतर चुकी थीं। इससे बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

कार पार्क करते ही उठने लगा धुआं

जानकारी के मुताबिक महापौर अलका बाघमार दोपहर करीब 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने अपनी इनोवा कार परिसर में पार्क की और जैसे ही कार से बाहर निकलीं, इंजन की तरफ से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया और पूरी कार आग की चपेट में आ गई।

आग इतनी तेज थी कि करीब 8 से 10 मिनट के भीतर इनोवा पूरी तरह जलकर राख हो गई। निगम परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पद्मनाभपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

जरूरी दस्तावेज भी जलने की जानकारी

बताया जा रहा है कि कार के अंदर कुछ जरूरी दस्तावेज भी रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर जल गए। घटना की सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

महापौर बोलीं- साजिश की आशंका नहीं

घटना को लेकर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि उन्हें फिलहाल इसमें किसी तरह की साजिश नजर नहीं आ रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या वायरिंग में खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

महापौर ने कहा कि भगवान का शुक्र है कि वह समय रहते कार से बाहर निकल गई थीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और रिपोर्ट सामने आने के बाद ही कार में आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 802