- पर्याप्त शिक्षक, कंप्यूटर लैब संचालक और प्राचार्य के कथित दुर्व्यवहार समेत कई मुद्दों को लेकर विद्यार्थियों में आक्रोश
पेंड्रावन। स्वामी आत्मानंद स्कूल पेंड्रावन में शुक्रवार को विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आया। पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था, कंप्यूटर लैब के संचालन सहित स्कूल की व्यवस्थाओं और प्राचार्य के कथित दुर्व्यवहार को लेकर विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं कंप्यूटर लैब के संचालन को लेकर भी विद्यार्थियों में नाराजगी है। छात्रों ने प्राचार्य के कथित दुर्व्यवहार को लेकर भी आपत्ति जताते हुए स्कूल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।
SDM की समझाइश के बावजूद नहीं माने बच्चे
विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDM) धमधा मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रदर्शन समाप्त कर सड़क से हटने की समझाइश दी। हालांकि, SDM की समझाइश के बावजूद विद्यार्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन जारी रखा।
छात्र-छात्राएं करीब 4 घंटे तक सड़क पर बैठे रहे। विद्यार्थियों का कहना है कि जब तक स्कूल की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनकी पढ़ाई प्रभावित होती रहेगी।
विद्यार्थियों ने शिक्षा विभाग और प्रशासन से पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था, कंप्यूटर लैब की उचित व्यवस्था तथा स्कूल प्रबंधन से जुड़ी शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन ने स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और प्रशासन विद्यार्थियों की मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।

