रायपुर, 20 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में वंदे मातरम् को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में वंदे मातरम् के दो मिनट गायन का प्रस्ताव पारित होने के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है और CWC का यह प्रस्ताव उसी सोच को आगे बढ़ाता है।
साव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी अब मुद्दाविहीन हो गई है और उसकी भाषा तथा कार्यशैली का स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की मौजूदा राजनीति उसे मुस्लिम लीग के रास्ते पर ले जा रही है।
अधिकारी से बदसलूकी के मामले पर भी प्रतिक्रिया
अभनपुर में कांग्रेस नेता द्वारा एक अधिकारी से कथित गाली-गलौच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में भी अरुण साव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कानून को हाथ में लेना गंभीर नैतिक अपराध है। अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
‘कुर्सी दंगल’ पर कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस के सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए ‘कुर्सी दंगल’ के उल्लेख पर भी उप मुख्यमंत्री ने पलटवार किया। साव ने कहा कि कांग्रेस के भीतर ही कुर्सी को लेकर खींचतान चल रही है, जबकि भाजपा में ऐसी कोई स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भाजपा के नेता हैं और राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
शराब घोटाले की ED कार्रवाई पर बोले साव
शराब घोटाला मामले में कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर साव ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान होने वाली कार्रवाई प्रक्रिया का हिस्सा है।
गौठान योजना को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि विपक्ष को इन आरोपों पर जवाब देना चाहिए। साव ने दावा किया कि राज्य सरकार अब गौ धाम योजना पर तेजी से काम कर रही है।
सोशल मीडिया पर अधिकारियों की सक्रियता का समर्थन
सरकारी अधिकारियों के GEN Z और सोशल मीडिया से जुड़ने के सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सोशल मीडिया का दौर है। सरकारी योजनाओं और विभागों के कामकाज की जानकारी आम लोगों तक तेजी से पहुंचाने के लिए अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए सरकार की योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की जानकारी लोगों तक समय पर पहुंचाई जा सकती है।

