दुर्ग। जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (VB-G RAM G) के तहत जनपद पंचायत धमधा क्षेत्र में शासकीय प्राथमिक शाला खेरक्रेटी के नवीन भवन निर्माण कार्य के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। आदेश 17 अगस्त 2026 को डिजिटल हस्ताक्षर के साथ जारी किया गया।
जिला पंचायत के अनुसार, रोजगार की मांग करने वाले पंजीकृत श्रमिक परिवारों को निर्धारित अवधि में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्य स्वीकृत किया गया है। कार्य के लिए अनुविभागीय अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उप संभाग धमधा की तकनीकी स्वीकृति सहित प्राप्त प्राक्कलन के आधार पर प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे कलेक्टर दुर्ग की प्रशासनिक स्वीकृति के बाद स्वीकृत किया गया।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्य केवल शासकीय भूमि पर कराया जाएगा। कार्य प्रारंभ करने से पहले स्थान का नक्शा-खसरा और बी-1 की प्रति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। योजना के तहत पंजीकृत जॉब कार्डधारी श्रमिकों को ही रोजगार दिया जाएगा तथा रोजगार की मांग किए जाने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर काम उपलब्ध कराना होगा।
निर्माण कार्य में ठेकेदार प्रथा और मशीनों के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। श्रमिकों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी दर के अनुसार भुगतान किया जाएगा। मजदूरी का भुगतान श्रमिकों के बैंक या डाकघर खातों के माध्यम से किया जाएगा और किसी भी स्थिति में नकद भुगतान नहीं किया जाएगा। आदेश में मजदूरी भुगतान साप्ताहिक करने तथा 15 दिन से अधिक विलंब नहीं होने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कार्यस्थल पर पेयजल, छाया और प्राथमिक चिकित्सा सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक कार्यस्थल पर योजना के नाम और स्वीकृत कार्य का विवरण दर्शाने वाला साइन बोर्ड लगाना भी अनिवार्य किया गया है।
जिला पंचायत ने कार्य से संबंधित सभी एमआईएस प्रविष्टियां समय पर पूर्ण करने तथा ऑनलाइन प्रगति की निगरानी के निर्देश दिए हैं। कार्य की निगरानी मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कार्यक्रम अधिकारी के स्तर से सुनिश्चित की जाएगी। कार्य पूर्ण होने के बाद पूर्णता प्रमाण पत्र, एमआईएस एंट्री और फोटोग्राफ सहित जानकारी जिला पंचायत को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
आदेश की प्रति कलेक्टर, दुर्ग को सूचनार्थ प्रेषित की गई है।

