कांवड़ यात्रा देख लौट रही महिला पर एसिड अटैक, आरोपी फरार

दुर्ग। सावन में कांवड़ यात्रा के दर्शन कर घर लौट रही एक महिला पर सोमवार दोपहर अज्ञात हमलावर ने एसिड फेंक दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो बच्चों को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सड़क पर रोककर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता की पहचान करीब 32 वर्षीय मीना बाई निषाद, पति संतोष निषाद के रूप में हुई है। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने दोनों बच्चों के साथ रवेलीडीह और अरसनारा के बीच पुरानी राइस मिल के पास मुख्य मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान बाइक या पैदल पहुंचे अज्ञात व्यक्ति ने उन पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

महिला का शरीर कई जगह झुलसा

एसिड हमले में मीना बाई का दाहिना हाथ, सीना, कान और सिर का हिस्सा झुलस गया है। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

हमले के दौरान महिला के साथ मौजूद दोनों बच्चों पर भी एसिड की कुछ बूंदें गिरीं, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। हालांकि दोनों बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। हमलावर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस फिलहाल हमले के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 759