धमधा : छत्तीसगढ़ के प्रथम त्यौहार हरेली पर्व के अवसर पर वार्ड कांग्रेस कमेटी वार्ड क्रमांक 01, धमधा द्वारा 12 अगस्त 2026, बुधवार को हरेली उत्सव एवं खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 2 बजे से बाजार पारा, धमधा में होगा।
आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। महिला वर्ग में कुर्सी दौड़, फुगड़ी, चम्मच दौड़, मटका फोड़ एवं रस्सी कूद जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं, जबकि पुरुष वर्ग में गेड़ी दौड़, स्लो साइकिल रेस, नारियल फेंक, मटका फोड़ एवं भौंरा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 1000 रुपये तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 500 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को अपना समान स्वयं साथ लाना होगा। प्रत्येक खेल में पहले पंजीयन कराने वाले 25 प्रतिभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम के संरक्षक के रूप में राजीव गुप्ता, सुरेश धीमर एवं देवनाथ सोनकर सहित वार्ड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजकों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर हरेली पर्व को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की है।

