बेमेतरा/परपोड़ी। नगर पंचायत परपोड़ी स्थित शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में शनिवार को मध्यान्ह भोजन में परोसी गई पूड़ी में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। घटना के बाद बच्चों में नाराजगी देखने को मिली। बच्चों ने इसकी शिकायत स्कूल के शिक्षकों से की, लेकिन आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कोई कार्रवाई नहीं की गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार को स्कूल में बच्चों को मध्यान्ह भोजन में खीर और पूड़ी परोसी गई थी। इसी दौरान एक बच्ची की पूड़ी में लाल रंग का कीड़ा दिखाई दिया। बच्चों ने इसकी जानकारी स्कूल में मौजूद शिक्षकों को दी। इसके बाद बच्चों ने घर पहुंचकर अपने पालकों को भी पूरी घटना की जानकारी दी और पूड़ी दिखाई।
मामले की जानकारी मिलने पर एक पालक ने रसोईया से बात की। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान रसोईया ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि आटे में कीड़ा था, इसके बावजूद उसी आटे से बच्चों के लिए पूड़ियां तैयार कर दी गईं।
बताया जा रहा है कि स्कूल में मध्यान्ह भोजन के संचालन की जिम्मेदारी संस्था प्रमुख के स्तर पर ही संचालित की जा रही है। ऐसे में बच्चों के भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
मध्यान्ह भोजन बच्चों के स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा मामला है। ऐसे में भोजन में कीड़ा मिलने की घटना सामने आने के बाद अब यह देखना होगा कि संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर क्या कार्रवाई की जाती है।

