आज कोर्ट में होगी NEET-UG पेपर लीक केस की सुनवाई, आरोपियों पर आगे बढ़ सकती है कार्रवाई

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में राउज एवेन्यू स्थित विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने सभी 13 आरोपियों की न्यायिक हिरासत 10 अगस्त तक बढ़ा दी है। वहीं, दो आरोपियों विकास बिवाल और दिनेश बिवाल की जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए 18 अगस्त की तारीख तय की गई है।

विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने बताया कि सीबीआई द्वारा दाखिल आरोपपत्र और उससे जुड़े दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच पूरी हो चुकी है। अब अदालत 7 अगस्त को यह तय करेगी कि मामले में आरोपपत्र पर संज्ञान लिया जाए या नहीं। यह फैसला जांच से ट्रायल की प्रक्रिया शुरू होने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत को बताया कि आरोपपत्र की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है, लेकिन करीब 20 हजार पन्नों के दस्तावेजों का अध्ययन करने के लिए पर्याप्त समय चाहिए। इसी आधार पर जमानत याचिका की सुनवाई आगे बढ़ाने का अनुरोध किया गया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।

हार्ड कॉपी की मांग, पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की पेशकश

वरिष्ठ अधिवक्ता ए.पी. सिंह ने अदालत से मांग की कि आरोपियों को केस दस्तावेजों की हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना था कि न्यायिक हिरासत में रहते हुए केवल पेन ड्राइव के जरिए दिए गए हजारों पन्नों के दस्तावेजों का प्रभावी अध्ययन संभव नहीं है।

बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि सभी आरोपी स्वेच्छा से पॉलीग्राफ टेस्ट, लाई डिटेक्टर टेस्ट और ब्रेन मैपिंग टेस्ट कराने के लिए तैयार हैं। अदालत ने इस आवेदन पर फैसला 10 अगस्त को सुरक्षित रखा है।

CBI ने किया विरोध

सीबीआई ने बचाव पक्ष की मांग का विरोध करते हुए कहा कि यह आवेदन सुनवाई योग्य नहीं है। एजेंसी का तर्क था कि मामले के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित की गई है, इसलिए इस तरह के आवेदन से केवल सुनवाई में देरी होगी। सीबीआई ने आरोपियों पर जुर्माना लगाने की भी मांग की।

सीबीआई के आरोपपत्र में 360 गवाह, 422 दस्तावेज और 43 भौतिक साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है, जिन्हें मामले की सुनवाई के दौरान पेश किया जाएगा।

समय पर नहीं पहुंचे वकीलों पर अदालत नाराज

सुनवाई के दौरान कुछ बचाव पक्ष के वकीलों के निर्धारित समय पर अदालत नहीं पहुंचने पर विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले की हर मिनट की सुनवाई महत्वपूर्ण है और सभी वकीलों को प्रतिदिन सुबह 10 बजे समय पर अदालत में उपस्थित होना होगा। अदालत ने भविष्य में किसी भी तरह की देरी से बचने के निर्देश भी दिए।

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की सुनवाई के लिए गठित विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट में अब न्यायाधीश अजय गुप्ता इस बहुचर्चित मामले की सुनवाई कर रहे हैं।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 753