बेमेतरा में जिला पंचायत अध्यक्ष का औचक स्कूल निरीक्षण, बच्चों से पूछे सवाल, शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बेमेतरा जिले में शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने गुरुवार को विभिन्न शासकीय स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की पढ़ाई का स्तर परखा, शिक्षकों से चर्चा की और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं एवं शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्राम कठिया रांका स्कूल, शासकीय हाई स्कूल उमरिया तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दाढ़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से सीधे सवाल-जवाब किए, किताबें पढ़वाईं और ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर उनकी शैक्षणिक क्षमता का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी पूछा कि शिक्षक नियमित रूप से पढ़ाते हैं या नहीं तथा पढ़ाई समझने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं होती। वहीं शिक्षकों से विद्यालय में शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता और आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि केवल स्कूल भवन बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने और उनकी क्षमता के अनुरूप पढ़ाई कराने की अपील की।

उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन के साथ अध्ययन करने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की प्रेरणा भी दी।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि “शिक्षित बेमेतरा, समृद्ध बेमेतरा” के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्कूलों में जहां भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

nikettamrakar
nikettamrakar
Articles: 757